बरेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने रिजर्व पुलिस लाइन्स में नव-निर्मित पुलिस अधीक्षक यातायात कार्यालय सहित विभिन्न इकाइयों का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शिलान्यास पट्टिका के अनावरण से हुई, जिसके बाद एसएसपी ने फीता काटकर यातायात कार्यालय का उद्घाटन किया। इसी क्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक अंजना दहिया ने यातायात कार्यालय की पेशी का उद्घाटन किया, जबकि वीआईपी सेल का उद्घाटन सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सोनाली मिश्र द्वारा किया गया। टीएसआई कार्यालय का उद्घाटन सहायक पुलिस अधीक्षक शिवम आशुतोष ने किया।
इसके उपरांत “प्रहरी उद्यान” के मुख्य द्वार पर शिलान्यास पट्टिका का अनावरण किया गया तथा उद्यान में स्थापित प्रतिमा का भी उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर यातायात शाखा के हेड कांस्टेबल साने आलम पासा द्वारा भी एक इकाई का उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात मोहम्मद अकमल खान, क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय अंजनी कुमार तिवारी, क्षेत्राधिकारी फरीदपुर संदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशन में पिछले लगभग डेढ़ वर्ष से पुलिस लाइन्स, बरेली के सौंदर्यीकरण एवं आधुनिकीकरण का कार्य निरंतर प्रगति पर है। इसी क्रम में यातायात कार्यालय, वीआईपी सेल और टीएसआई कार्यालय के नए भवनों का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों के तहत न केवल कार्यालयों को आधुनिक बनाया गया है, बल्कि पुलिस कर्मियों के लिए प्रेरणादायी वातावरण तैयार करने हेतु “प्रहरी उद्यान” का भी निर्माण किया गया है, जो उनके मानसिक और शारीरिक संतुलन में सहायक होगा।
एसएसपी ने बताया कि इस अभियान में मानुष पारीक, अंशिका वर्मा और शिवम आशुतोष सहित अन्य अधिकारियों का विशेष योगदान रहा है। पूर्व में परेड ग्राउंड और मीटिंग हॉल को भी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा चुका है, जिससे पुलिस कार्य प्रणाली अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बन रही है। अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी जनहित एवं पुलिस कल्याण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।









