मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त 4 शातिर गिरफ्तार, एक एएसआई भी शामिल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली। थाना सिरौली पुलिस ने बुधवार देर शाम मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है। पकड़े गए अभियुक्तों में हरियाणा पुलिस का एक एएसआई भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 360 ग्राम अवैध अफीम, 6 मोबाइल फोन, धातु के गहने, 51,500 रुपये नकद और हुंडई क्रेटा कार (HR40J-6393) बरामद की है।
थानाध्यक्ष सिरौली की टीम में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, रामकुमार लहरी, विवेक चौधरी, कॉन्स्टेबल अंकित कुमार व अन्य कर्मियों के साथ ग्राम कल्यानपुर तिराहे पर चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हरियाणा नंबर की क्रेटा कार में चार व्यक्ति अफीम लेकर आ रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोका और चारों अभियुक्तों को मौके पर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेश कुमार पुत्र सुरेश कुमार निवासी ग्राम बरसालू, थाना बुटाना, जिला करनाल (हरियाणा) , मेहरबान पुत्र कश्मीरी निवासी ग्राम ज्योतिसर, थाना कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी, जिला कुरुक्षेत्र (हरियाणा), मोहम्मद हसन पुत्र खुर्शीद निवासी ग्राम ज्योतिसर, जिला कुरुक्षेत्र (हरियाणा), रण सिंह पुत्र सेवा सिंह निवासी ग्राम ललैज, थाना असंध, जिला करनाल (हरियाणा), जो कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी थाना की चौकी ज्योतिसर पर एएसआई के पद पर तैनात है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सस्ते दामों में अफीम खरीदकर हरियाणा में महंगे दामों पर बेचते थे। एएसआई रण सिंह ने स्वीकार किया कि अपने पुलिस पद की आड़ में वे चेकिंग से बचकर माल ले जाते थे। पुलिस ने चारों अभियुक्तों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz Open / Ai Website / Ai Tool