बरेली। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने जनपद बरेली में बेसिक शिक्षकों के हालिया समायोजन को लेकर गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। संघ के जिलाध्यक्ष शिव स्वरूप शर्मा एवं जिला मंत्री रोहित सिंह ने बताया कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा किए गए समायोजन में नियमों और शासनादेशों की अनदेखी की गई है इसके विरोध में शिक्षकों ने जिला अधिकारी कार्यालय में ज्ञापन दिया।
संघ के अनुसार महिला शिक्षकों को उनके विकास खंड में प्राथमिकता न देकर अन्य विकास खंडों में भेज दिया गया है, जिससे उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। कई ऐसे विद्यालयों से भी शिक्षक हटा दिए गए हैं जहां मात्र तीन माह पहले ही रिक्त पदों पर नियुक्ति की गई थी।जूनियर विद्यालयों में विषय अध्यापकों के समायोजन में भी भारी लापरवाही सामने आई है। कुछ स्कूलों में एक ही विषय के कई शिक्षक तैनात हो गए हैं, जबकि कई विद्यालय विषय विशेषज्ञों से वंचित हो गए हैं। इसके अलावा मान्यता प्राप्त संगठनों के ब्लॉक अध्यक्ष और मंत्रियों का भी अन्य विकास खंडों में समायोजन कर दिया गया है, जो शासनादेशों का उल्लंघन है।
संघ ने यह भी आरोप लगाया कि समायोजन से पूर्व किसी भी शिक्षक से विद्यालय का विकल्प नहीं लिया गया, जबकि पूर्व में यही प्रक्रिया अपनाई जाती रही है। अन्य जनपदों में कनिष्ठ शिक्षकों का समायोजन हुआ, जबकि बरेली में वरिष्ठ शिक्षकों का समायोजन किया गया है। संघ ने मांग की है कि अन्य जनपदों की तरह बरेली में भी निष्पक्ष एवं नियमों के अनुरूप समायोजन किया जाए।
विरोध करने बालों में शिव स्वरूप शर्मा , रोहित सिंह , अजरार हुसैन सही कई शिक्षक मौजूद रहे।










