फायरिंग और धमकी के मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, अवैध तमंचा बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली। थाना फरीदपुर पुलिस ने फायरिंग व धमकी के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार, 17 मार्च को मोहल्ला लाइनपार सिसैड्या रोड निवासी मोहित पुत्र द्रोमपाल यादव ने थाना फरीदपुर में फायरिंग व धमकी दिए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत किया।

मामले की जांच के दौरान 18 मार्च को पुलिस टीम ने बीसलपुर रोड अंडर बाईपास के पास भुता की ओर जाने वाली सड़क पर पुलिया के पास से आरोपी मोरपाल को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 3/25/27(1) आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह फरीदपुर क्षेत्र के सुखदेवपुर लाइनपार में परिवार के साथ रहता है और टैम्पू चलाकर जीविका चलाता है। पुरानी रंजिश के चलते कहासुनी होने पर उसने आवेश में आकर फायरिंग कर दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें अपहरण, दुष्कर्म, पोक्सो एक्ट तथा चोरी और सड़क दुर्घटना से संबंधित धाराएं शामिल हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम, उपनिरीक्षक जसवीर सिंह, उपनिरीक्षक तरुण कुमार, हेड कांस्टेबल शमशेर अली और कांस्टेबल भानू कुमार शामिल रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai