बरेली। थाना कोतवाली क्षेत्र की पॉश कॉलोनी रामपुर गार्डन में चोरों ने कारोबारी की क्रेटा कार पर हाथ साफ कर दिया। रविवार देर रात कार से आए बदमाशों ने सुनसान का मौके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें संदिग्ध लोग कार के आसपास घूमते और उसे ले जाते नजर आ रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने थाना कोतवाली में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा कर कार बरामद करने का दावा किया जा रहा है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर चिंता का माहौल है, क्योंकि पॉश कॉलोनी में इस तरह की वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।










