इज्जतनगर में पत्नी और ससुराल पर हमला करने वाले आरोपी का एनकाउंटर में ढेर , दो पुलिसकर्मी घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के रहपुरा चौधरी गांव में सोमवार को एक भयानक घटना सामने आई। आरोपी अफसर खान ने अपनी पत्नी साइमा, सास आसमा और साले आदिल पर छुरी से हमला किया। इस हमले में सास और साले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी साइमा गंभीर रूप से घायल हो गई और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती है। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की खोज शुरू की। सूचना मिली कि अफसर मुड़िया अहमदनगर के सहारा ग्राउंड में अवैध हथियार के साथ मौजूद है और अपनी पत्नी को मारने की कोशिश कर सकता है। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण के लिए कई बार कहा, लेकिन उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में अफसर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस फायरिंग में दो पुलिसकर्मी, कांस्टेबल रूपेंद्र और कांस्टेबल अनुराग, भी घायल हुए हैं और उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। मौके से आरोपी के कब्जे से 32 बोर की पिस्तौल, घटना में इस्तेमाल की गई छुरी, चार लाइव कार्टेज और कुल 10 खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, अफसर का आपराधिक इतिहास लंबा है। 2009 में उसने अपने सगे मामा की हत्या की थी, जिसके लिए उसे आजीवन कारावास की सजा मिली थी। बाद में वह बेल पर था। उसके खिलाफ चोरी का भी मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब उसके अन्य अपराधों की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, अफसर और साइमा की शादी लगभग 9 साल पहले हुई थी। विवादित घटना उसी ससुराल पंचायत के दौरान हुई, जिसमें अफसर ने आपसी झगड़े के चलते अपनी पत्नी और ससुराल के लोगों पर हमला कर दिया। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि पुलिस की फील्ड टीम मौके पर मौजूद है और पूरे घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें