बरेली। नगर निगम के किरायेदार दुकानदार बढ़े हुए किराए के विरोध में पार्षद राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में नगर निगम कार्यालय पहुंचे और नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य तथा महापौर डॉ. उमेश गौतम से वार्ता की। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को बताया कि वर्तमान किराया दरें इतनी अधिक हैं कि अधिकांश दुकानदार भुगतान करने की स्थिति में नहीं हैं। साथ ही किराया नीति और नामांतरण नीति में कई विसंगतियां होने की बात कही गई। दुकानदारों का आरोप है कि कमेटी द्वारा सुधार के सुझाव देने के बावजूद नगर निगम कर्मचारी बढ़े हुए किराए की मांग कर दबाव बना रहे हैं।
पार्षद राजेश अग्रवाल ने तुलना करते हुए कहा कि शाहजहांपुर नगर निगम में भी किराया बढ़ाया गया है, लेकिन वहां वृद्धि बरेली के मुकाबले मात्र लगभग 10 प्रतिशत है। इसके अलावा नामांतरण शुल्क भी यहां अधिक निर्धारित किया गया है, जो छोटे दुकानदारों के लिए बोझ बन रहा है। महापौर डॉ. उमेश गौतम ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि किराया दरों की समीक्षा कर राहत दी जाएगी, जबकि नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने भी उचित समाधान निकालने का भरोसा दिलाया।









