बरेली। शहर के सैटेलाइट क्षेत्र में एक युवती के साथ छेड़छाड़ और धमकी देने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार युवती, जो एक मोबाइल शॉप पर कार्यरत है, उसका नंबर किसी तरह एक युवक के हाथ लग गया। युवक ने अपना नाम संजू उर्फ साहिल बताकर युवती से संपर्क किया और उस पर मिलने का दबाव बनाने लगा। जब युवती ने मिलने से इनकार किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने और जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दी। भयभीत होकर युवती आरोपी के बुलाने पर गांधी उद्यान पहुंची। वहां आरोपी ने उसे कैफे/बार चलने के लिए कहा, मना करने पर उसने युवती के साथ अभद्रता करते हुए जबरन स्कूटी पर ले जाने की कोशिश की।
घटना के दौरान युवती ने अपने भाई अमन, जो एक राजनीतिक संगठन से जुड़े पदाधिकारी हैं, को सूचना दी। सूचना मिलते ही वह अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। भीड़ को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि कुछ दूरी पर पुलिस ने आरोपी युवक को पकड़ लिया। फिलहाल कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









