अखिल भारतीय हड़ताल का बरेली में व्यापक असर, बैंक-बीमा सहित कई विभागों में कामकाज ठप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली। अखिल भारतीय हड़ताल का गुरुवार को शहर में व्यापक असर देखने को मिला। बैंक, बीमा, पीडब्ल्यूडी, सिंचाई विभाग, आयकर समेत विभिन्न विभागों में कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने से कामकाज प्रभावित रहा। कई बैंक शाखाओं में कर्मचारी नहीं पहुंचे, जबकि कुछ शाखाओं के ताले तक नहीं खुले। बीमा कर्मचारी संघ की हड़ताल के चलते बीमा कार्यालयों में भी कार्य बाधित रहा।

मुख्य कार्यक्रम रामपुर गार्डन स्थित यूनियन बैंक शाखा के सामने बरेली ट्रेड यूनियंस फेडरेशन के नेतृत्व में आयोजित किया गया। सभा की शुरुआत प्रगतिशील सांस्कृतिक मंच द्वारा प्रस्तुत जोशीले तरानों से हुई। देश की दस केंद्रीय श्रमिक संगठनों के आह्वान पर आयोजित हड़ताल में बैंक, बीमा, पीडब्ल्यूडी, सिंचाई विभाग के साथ स्थानीय स्तर पर एटक, एचएमएस, इंकलाबी मजदूर केंद्र, क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन, मार्केट वर्कर्स एसोसिएशन, ऑटो टेम्पो चालक वेलफेयर एसोसिएशन, बरेली कॉलेज कल्याण समिति, सेवानिवृत्त शिक्षक-कर्मचारी संघ, नगर निगम कर्मचारी संगठनों सहित कई संगठनों ने भागीदारी और नैतिक समर्थन दिया।

सभा की अध्यक्षता करते हुए मुकेश सक्सेना ने कहा कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के विरोध में देशभर के 25 करोड़ से अधिक मेहनतकश हड़ताल में शामिल हुए हैं। यूनाइटेड फोरम बरेली के अध्यक्ष पी.के. माहेश्वरी ने बताया कि यूपी बैंक इम्प्लाइज यूनियन के आह्वान पर बैंकों में व्यापक असर रहा और कई शाखाओं में कामकाज पूरी तरह ठप रहा। बीमा कर्मचारी संघ बरेली मंडल की महामंत्री गीता शांत ने कहा कि मंडल के सभी सदस्य हड़ताल पर रहे।

उन्होंने सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण और बीमा क्षेत्र में 100 प्रतिशत विदेशी निवेश के प्रस्ताव का विरोध किया। फेडरेशन के उपाध्यक्ष अमीर खां ने बताया कि प्रांतीय आह्वान पर पीडब्ल्यूडी में भी व्यापक हड़ताल रही तथा ठेकाकरण और संविदा प्रथा समाप्त कर रिक्त पदों पर स्थायी नियुक्ति की मांग उठाई गई। हड़ताल स्थल पर सरकार विरोधी नारे गूंजते रहे। यूनाइटेड फोरम के नवीन्द्र कुमार ने नैतिक समर्थन दिया। सभा को डॉ. अंचल अहेरी, प्रवीण राठौर, अरविंद देव सेवक, हरि शंकर, सलीम अहमद, मोहित देवल, रमीज अली, हिमांशु, सुंदर सिंह, पवन कुमार, संतोष कुमार, केसरी लाल, के.पी. सिंह, मोहम्मद फैसल, अफाक अहमद समेत अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।

Leave a Comment

और पढ़ें