बरेली। जनपद में चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन 3.0 के तहत थाना सिरौली पुलिस ने न्यायालय के आदेशानुसार वर्ष 2025 में आबकारी अधिनियम के 20 मुकदमों में बरामद कुल 95.78 लीटर कच्ची व देशी अवैध शराब का विधिवत विनिष्टीकरण कराया।
पुलिस को यह आदेश 19 जनवरी को एसीजेएम द्वितीय आंवला न्यायालय से प्राप्त हुआ था।
आदेश के अनुपालन में उपजिलाधिकारी आंवला द्वारा गठित टीम की निगरानी में बुधवार को थाना परिसर में गड्ढा खुदवाकर शराब को नष्ट किया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी मीरगंज और नायब तहसीलदार आंवला की अध्यक्षता में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-02 आंवला तथा थानाध्यक्ष सिरौली विनोद सिंह मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई तथा विनिष्टीकृत माल को थाना अभिलेखों में दर्ज कर मालखाना रजिस्टर में आदेश चस्पा करने की कार्रवाई भी की गई। अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।









