बरेली। उत्तर प्रदेश में गोवंश संरक्षण, संवर्धन और गोवध पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को लेकर सोमवार को हिंदू संगठनों ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। ‘गो सम्मान आवाहन अभियान’ के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता अनाथालय, सिविल लाइंस से रैली निकालते हुए कचहरी तहसील पहुंचे, जहां राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया।प्रदर्शनकारियों ने साफ शब्दों में मांग उठाई कि गो-तस्करी और गोवध को “संज्ञेय और गैर-जमानती अपराध” घोषित कर दोषियों को आजीवन कारावास दिया जाए, उनकी संपत्ति कुर्क की जाए और पूरे प्रदेश में सभी कसाईखानों के लाइसेंस तत्काल निरस्त किए जाएं।आंदोलन का नेतृत्व कर रहे सोनू ठाकुर और अमित राठौर, संजय शुक्ला ने कहा कि उत्तर प्रदेश प्रभु श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की पावन भूमि है, जहां गोमाता केवल पशु नहीं बल्कि संस्कृति, आस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आत्मा हैं।
उन्होंने कहा कि आज देशी गोवंश विलुप्ति के कगार पर पहुंच चुका है और यदि अभी कठोर कदम नहीं उठाए गए तो आने वाली पीढ़ियां भारत की मूल सांस्कृतिक पहचान से वंचित हो जाएंगी।ज्ञापन में मांग की गई कि संविधान के अनुच्छेद 48 में आवश्यक संशोधन कर ‘केंद्रीय गो सेवा एवं संरक्षण अधिनियम’ लागू किया जाए तथा केंद्र और राज्य स्तर पर पृथक ‘गोपालन मंत्रालय’ की स्थापना हो। साथ ही देशी गोवंश को ‘राष्ट्रमाता’ अथवा ‘राष्ट्र-आराध्या’ तथा उत्तर प्रदेश में ‘राज्यमाता’ घोषित करने की भी मांग उठाई गई।
संगठनों ने कहा कि स्वतंत्रता के समय प्रति व्यक्ति 10 गोवंश उपलब्ध थे, जो आज घटकर प्रति 10 व्यक्ति 1 गोवंश तक पहुंच गए हैं। गो-तस्करी, बूचड़खानों में वध, सड़कों पर दुर्घटनाएं और पॉलिथीन खाने से प्रतिदिन हजारों गोवंश मौत के मुंह में जा रहे हैं।
ज्ञापन में प्रत्येक ग्राम पंचायत में नंदीशाला, हर जिले में आदर्श गोशाला, राजमार्गों पर गो-एम्बुलेंस, गो-ट्रॉमा सेंटर, स्कूलों में ‘गो-विज्ञान’ विषय, पंचगव्य आधारित अर्थव्यवस्था और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने जैसी मांगें भी शामिल रहीं।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह केवल ज्ञापन नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था की आवाज है। यदि सरकार इस दिशा में निर्णायक कदम उठाती है तो उत्तर प्रदेश ‘सुरक्षित गो प्रदेश’ बनकर पूरे देश के लिए मिसाल बन सकता है।बजरंग दल से नीरज मिश्रा, आशीष मिश्रा, गौतम कश्यप , राष्ट्रीय सेवा संघ प्रदेश महामंत्री सोनू ठाकुर, वंश राजपूत,शिवम ठाकुर, प्रशांत पंडित विहान शर्मा,निर्दोष राठौर, गौरव शर्मा, विशाल सक्सेना सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।









