बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के साथ परसाखेड़ा स्थित वीवीपैट वेयरहाउस का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य वेयरहाउस में रखी वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा, साफ-सफाई और अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति का आकलन करना था।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था तथा रिकॉर्ड संधारण को गंभीरता से परखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और शासन द्वारा निर्धारित सभी मानकों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने वेयरहाउस में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की भी जांच की और उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित निरीक्षण के माध्यम से व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा जाए ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।इस दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।










