BAREILLY
पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो शातिर अभियुक्त गिरफ्तार, अवैध असलहे व लूटी बाइक बरामद
बरेली। थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने बीती रात मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो शातिर लुटेरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। इनमें से एक अभियुक्त को गोली लगने से घायल अवस्था में दबोचा गया। पुलिस ने उनके पास से अवैध असलहे, लूटी गई मोटरसाइकिल, नगद 4,300 रूपये एक चाकू सहित अन्य सामान बरामद किया है।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान अवधेश सिंह पुत्र विक्रम सिंह और विष्णु कश्यप पुत्र सुरेश कश्यप दोनों निवासी ग्राम सतुईया पट्टी, थाना फतेहगंज पश्चिमी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों बदमाश स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर हाईवे से गुजर रहे थे। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुरेन्द्रपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस पर अभियुक्तों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक अभियुक्त अवधेश सिंह के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने दिनांक 20 जुलाई को एक व्यक्ति से बाइक व मोबाइल छीनने की वारदात की थी, जिसमें उनका तीसरा साथी महेन्द्र सिंह पुत्र यादराम भी शामिल था। साथ ही, एक माह पूर्व महिला से कुंडल छीनने की घटना को भी कबूला, जिसे ₹10,000 में बेचने की बात कही गई।
मुठभेड़ के दौरान थाना प्रभारी सुरेंद्रपाल सिंह , उपनिरीक्षक अनूप सिंह, पुनीत मेहरा, पवन कुमार, हेका प्रदीप कुमार, कुलदीप सिंह, कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार, देवेन्द्र कुमार, लेखपाल सागर मौजूद थे।
