बरेली। थाना बहेड़ी क्षेत्र के गांव शाहगढ़ में ज़मीन के बंटवारे को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद सोमवार रात हिंसक हो गया। शराब के नशे में हुए झगड़े के दौरान पोते ने अपने ही दादा पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे 85 वर्षीय बुजुर्ग मुन्ना लाल की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
शाहगढ़ निवासी ताराचंद के अनुसार 85 वर्षीय मुन्ना लाल पुत्र गिरधारी लाल ने अपनी ज़मीन पहले ही छोटे पोते के नाम कर दी थी। इसके बावजूद परिवार में रंजिश बनी हुई थी और आए दिन विवाद होता रहता था। सोमवार रात करीब 9 बजे मिश्रीलाल का पुत्र राजू घर पहुंचा और मुन्ना लाल से कहासुनी के बाद मारपीट करने लगा। इसी दौरान राजू ने ईंट से मुन्ना लाल के पेट पर वार कर दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़े।
परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है। एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्र ने बताया कि जीवन लाल से सूचना मिली थी कि उनके भाई राजू पुत्र मिश्री लाल की मारपीट के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना रात करीब नौ बजे की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया गया। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति है









