बरेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक निरीक्षण पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारिक के नेतृत्व में तथा क्षेत्राधिकारी प्रथम आशुतोष शिवम के पर्यवेक्षण में किया गया। निरीक्षण के दौरान आंतरिक व बाह्य परिधि की गहन जांच की गई, जिसमें डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ता, पीएसी प्लाटून सहित विभिन्न सुरक्षा इकाइयों ने सहभागिता की।
निरीक्षण टीम ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम, लगेज चेकिंग पॉइंट, हवालात तथा पार्किंग व्यवस्था सहित महत्वपूर्ण स्थानों का जायजा लिया।
विभिन्न ड्यूटी पॉइंट्स पर तैनात पुलिसकर्मियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन, सतर्कता बनाए रखने, शालीन व्यवहार और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने संबंधी निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारिक ने नोडल न्यायालय सुरक्षा प्रभारी न्यायाधीश से समन्वय कर परिसर में सुरक्षा को और सुदृढ़ करने के लिए सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा की। इस दिशा में शीघ्र आवश्यक कदम उठाने पर सहमति बनी। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि न्यायालय आने वाले न्यायार्थियों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों व आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगे।









