बरेली। थाना भमोरा पुलिस ने चोरी और लूट की घटनाओं में संलिप्त दो शातिर अपराधी जफर उर्फ जफरुद्दीन पुत्र कासिम, निवासी वैकुंठापुर, थाना भोजीपुरा तथा सुदामा उर्फ केशव दिवाकर पुत्र ओमप्रकाश निवासी धनेरा, थाना नवाबगंज, हाल पता करमपुर चौधरी थाना इज्जतनगर को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें, लूटे गए मोबाइल फोन तथा अवैध असलहा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, थाना भमोरा क्षेत्र में हो रही बाइक चोरी की घटनाओं के संबंध में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध व्यक्ति रम्पुरा बुजुर्ग अंडरपास के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रात्रि में मौके पर घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों अभियुक्तों के पैर में गोली लग गई, जिससे वे घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों बदमाशों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचा (.315 बोर), दो जिंदा कारतूस व दो खोखा कारतूस (नाल में फंसे हुए), लूट की घटनाओं से संबंधित चार मोबाइल फोन तथा दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जफर उर्फ जफरुद्दीन पुत्र कासिम निवासी वैकुंठापुर, थाना भोजीपुरा तथा सुदामा उर्फ केशव दिवाकर पुत्र ओमप्रकाश, निवासी धनेरा, थाना नवाबगंज, हाल पता करमपुर चौधरी, थाना इज्जतनगर, जनपद बरेली के रूप में हुई है। दोनों अभियुक्त मुठभेड़ में घायल हुए हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।









