बरेली। अपराध एवं अपराधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना अलीगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने 490 ग्राम अफीम के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। थाना अलीगंज पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना के आधार पर बिहारीपुर रोड से ग्राम खेलम की ओर खेतों से जाने वाले रास्ते पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध व्यक्ति राजू पुत्र अंगन लाल, निवासी ग्राम अंजनी थाना सिरौली को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 490 ग्राम अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध थाना अलीगंज पर एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह कम दाम पर अफीम खरीदकर अधिक दाम पर बेचता था और इससे होने वाले मुनाफे से अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी थाना में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक रूपकिशोर, उप निरीक्षक दीपक वर्मा, हेड कांस्टेबल महावीर सिंह तथा कांस्टेबल चमनलाल शामिल रहे।









