Bareilly News : बरेली में ई-रिक्शा पर सख्ती: 9 मार्गों पर प्रतिबंध, एकल मार्गों पर संचालन के निर्देश।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Bareillydarpanindia.com

 

बरेली में ई-रिक्शा पर सख्ती: 9 मार्गों पर प्रतिबंध, एकल मार्गों पर संचालन के निर्देश

 

बरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर ई-रिक्शा के अनधिकृत संचालन के खिलाफ चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के तहत बरेली में यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए बड़े कदम उठाए गए हैं। बरेली पुलिस ने शहर के 9 प्रमुख मार्गों पर ई-रिक्शा के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है, जबकि कई अन्य मार्गों पर एकल मार्ग के लिए संचालन की अनुमति दी गई है। यह व्यवस्था 1 मई 2025 से 30 मई 2025 तक लागू रहेगी।

बरेली के अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) मोहम्मद अकमल खान ने बताया कि यातायात को सुगम बनाने और शहर में जाम की समस्या से निजात पाने के लिए यह कदम उठाया गया है। प्रतिबंधित मार्गों में किला क्रॉसिंग से कटरा मानराय, श्यामगंज चौराहा से साहू गोपीनाथ, खलील तिराहा से कुतुबखाना, नोवेल्टी से कुतुबखाना, साहू गोपीनाथ से कुतुबखाना, शिकलापुर से पटेल चौक, बरेली कॉलेज से नोवेल्टी, और मठ की चौकी से कुतुबखाना शामिल हैं। इन मार्गों पर ई-रिक्शा का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।

इसके अलावा, कुछ मार्गों पर ई-रिक्शा को एकल मार्ग के लिए संचालित करने की अनुमति दी गई है। इनमें चौपला से नोवेल्टी वाया खलील तिराहा, नोवेल्टी से चौपला वाया पटेल चौक, बरेली कॉलेज से नोवेल्टी वाया शिकलापुर, शिकलापुर से पटेल चौक वाया बरेली कॉलेज, पश्चिम चौराहे से नगर निगम होते हुए, जंक्शन तिराहा से चोपड़ा, चोपड़ा से जंक्शन तिराहा वाया दामोदर पार्क, कुल्हाडा पीर से अशोक नगर तिराहा, अशोकनगर तिराहा से सूद धर्म कांटा, और सूद धर्म कांटा से कोहाड़ापीर तक के मार्ग शामिल हैं।

एसएसपी बरेली अनुराग आर्य के निर्देश पर लागू यह व्यवस्था शहर में यातायात को व्यवस्थित करने और नागरिकों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान से शहरवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Comment

और पढ़ें