बरेली। थाना सीबीगंज पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 630 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान रेहान पुत्र कमरूद्दीन खान निवासी ग्राम धुंसा थाना सीबीगंज के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब 22 वर्ष बताई गई है।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार चतुर्वेदी के नेतृत्व में थाना सीबीगंज पुलिस टीम 5 फरवरी को क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने व संदिग्ध व्यक्ति/वाहनों की चेकिंग में लगी थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर बरेली–रामपुर रोड से बंडिया नहर के कट पर नशीला पदार्थ बेचने के लिए खड़े अभियुक्त को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 630 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने यह अफीम किसी अज्ञात व्यक्ति से खरीदी थी और उसे बेचने की फिराक में मौके पर खड़ा था। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ थाना सीबीगंज में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार गौतम, हेड कांस्टेबल शोभित कुमार, कांस्टेबल शान्ति स्वरूप तथा कांस्टेबल अरविन्द कुमार शामिल रहे।









