बरेली। कैंट थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार थाना कैंट क्षेत्र के गांव जल्लापुर निवासी 26 वर्षीय अर्जुन पुत्र हरिओम कैंट के बुखारा के पास स्थित सरिया-सीमेंट की दुकान पर काम करता था। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह वह दुकान के पास खड़ा था।
इसी दौरान बदायूं की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है। मृतक अर्जुन अपने पीछे पत्नी सीमा और एक छोटे बेटे को छोड़ गया है। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।









