बरेली। पुलिस ने आम जनमानस के गुम व खोए हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी के अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 516 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों के सुपुर्द किए हैं। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई गई है। एसपी यातायात मोहम्मद अकमल खान ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशन में जनपद स्तर पर प्रत्येक माह गुमशुदा मोबाइलों की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में संबंधित अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में जनपद के विभिन्न थानों पर तैनात कंप्यूटर ऑपरेटरों, साइबर टीम एवं जनपदीय सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने पोर्टल व तकनीकी सहयोग के माध्यम से सतत प्रयास करते हुए माह जनवरी 2026 में कुल 516 मोबाइल फोन बरामद किए। 4 फरवरी को रिजर्व पुलिस लाइंस स्थित रविन्द्रालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात, जनपद बरेली द्वारा बरामद मोबाइल फोनों को उनके स्वामियों को सौंपा गया। मोबाइल प्राप्त करते समय नागरिकों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी और उन्होंने पुलिस के इस प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया।
इस उत्कृष्ट कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जनपद बरेली द्वारा अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली कैन्ट, शाही, अलीगंज, क्योलड़िया एवं फतेहगंज पूर्वी थानों की साइबर सेल को प्रोत्साहन स्वरूप प्रशस्ति पत्र व 2000 रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत अब तक कुल 3648 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 7 करोड़ रुपये है। बरेली पुलिस ने आम जनमानस को भरोसा दिलाया है कि इस तरह की जनहितकारी कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।









