अपनी जनता पार्टी ने यूजीसी एक्ट 2026 लागू करने की उठाई मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली। यूजीसी एक्ट 2026 को लागू करने की मांग को लेकर अपनी जनता पार्टी ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष अनिल कुमार मौर्य के नेतृत्व में कार्यकर्ता सेठ दामोदर स्वरूप पार्क में एकत्र हुए और वहां से जुलूस निकालकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा। जिलाध्यक्ष अनिल कुमार मौर्य ने कहा कि यूजीसी एक्ट 2026 उच्च शिक्षा प्रणाली को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और संविधान सम्मत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उनका कहना था कि यह विधेयक धर्म, जाति, नस्ल, लिंग या जन्म स्थान के आधार पर होने वाले भेदभाव को रोकने में सहायक होगा तथा अनुसूचित जाति, जनजाति, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के छात्रों को सुरक्षा प्रदान करेगा।

उन्होंने उच्च शिक्षण संस्थानों में बढ़ती आत्महत्या की घटनाओं पर चिंता जताते हुए सख्त व्यवस्था की मांग की। पार्टी नेताओं ने कहा कि नए कानून से विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक मानकों का एकीकरण, प्रशासनिक जवाबदेही और छात्रों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर सरकार से यूजीसी एक्ट 2026 को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान जगदीश प्रसाद , आदेश दिवाकर , राजेश कुमार दिवाकर , कांता प्रसाद, सुरेंद्र कुमार कोली, कौशल मौर्य, शुभम कोली , करन मौर्य, रमेश मौर्य, रामचंद्र आदि मौजूद थे।

Leave a Comment

और पढ़ें