बरेली कॉलेज में गुंडागर्दी पर बवाल, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली। बरेली कॉलेज परिसर में हुई मारपीट और अभद्रता की घटना को लेकर विरोध तेज हो गया है। मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर समाजवादी छात्र सभा के जिला अध्यक्ष अविनाश मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ता कार्रवाई की मांग करते हुए एसएसपी को ज्ञापन सौंपा। समाजवादी छात्र सभा के जिला अध्यक्ष अविनाश मिश्रा ने बताया कि बरेली कॉलेज में हुई घटना बेहद निंदनीय और शर्मनाक है, जिसने शैक्षणिक गरिमा को तार-तार कर दिया है।

आरोप है कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े कुछ अराजक तत्वों ने मुख्य प्रॉक्टर आलोक खरे के साथ प्राचार्य की मौजूदगी में प्राचार्य कार्यालय के भीतर घुसकर गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट की। यहां तक कि उनका गला पकड़ने जैसी गंभीर हरकत भी की गई। बताया गया कि जब प्राचार्य व अन्य प्रोफेसरों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो उनके साथ भी अभद्रता की गई। इस घटना को न केवल एक शिक्षक का अपमान बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र और प्रशासनिक व्यवस्था पर हमला बताया गया है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि इससे पूर्व नगर आयुक्त संजीव मौर्य के कार्यालय में भी इसी प्रकार की अराजकता की घटना सामने आ चुकी है। बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं से साफ है कि असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं और उन्हें कानून का भय नहीं रह गया है। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही बरेली कॉलेज सहित सभी शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई है। चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai