बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने थाना इज्जतनगर क्षेत्र के ग्राम कुमराह में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार रवि पटेल द्वारा लगभग 12 बीघा क्षेत्रफल में बिना विकास प्राधिकरण की स्वीकृति के भूखण्डों का चिन्हांकन, सड़क, नाली एवं बाउंड्रीवाल आदि का निर्माण कराया जा रहा था।
उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 के तहत की गई इस कार्रवाई में सहायक अभियंता धर्मवीर सिंह, अवर अभियंता अजीत साहनी व प्रवर्तन टीम मौजूद रही। टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया।
प्राधिकरण ने आमजन को चेताया है कि किसी भी प्रकार की प्लॉटिंग अथवा भवन निर्माण कार्य करने से पूर्व मानचित्र स्वीकृति कराना अनिवार्य है। बिना मानचित्र स्वीकृति कराए किया गया निर्माण पूर्णतः अवैध माना जाएगा तथा ऐसे निर्माणों का ध्वस्तीकरण किया जा सकता है।










