बरेली। थाना इज्जतनगर पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए वांछित चल रहे तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्त ज्योति पुत्री कालीचरन, कालीचरन पुत्र शोभाराम एवं चमेली पत्नी कालीचरन निवासीगण मोहल्ला दुर्गानगर, थाना बारादरी, जनपद बरेली को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस के अनुसार दिनांक 26 जनवरी को थाना इज्जतनगर क्षेत्र के गिरजाशंकर कॉलोनी कैलाशपुरम में किराये के मकान में रह रहे जितेन्द्र कुमार यादव का शव फंदे से लटका हुआ मिला था। मृतक के भाई अजय कुमार की तहरीर पर प्रारंभ में आत्महत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण एण्टीमॉर्टम स्ट्रैंगुलेशन (गला दबाकर हत्या) पाए जाने पर मुकदमे की धारा में संशोधन कर हत्या का अभियोग दर्ज किया गया।
31 जनवरी को मुखबिर की सूचना पर इज्जतनगर पुलिस टीम ने डेलापीर से त्रिशूल तिराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर कब्रिस्तान के पास से तीनों अभियुक्तों को समय करीब 13:45 बजे गिरफ्तार किया। पूछताछ में मृतक की पत्नी ज्योति ने स्वीकार किया कि पति द्वारा ऑनलाइन जुए में 20 हजार रुपये हारने को लेकर विवाद हुआ था। झगड़े के दौरान उसने गुस्से में पति का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में माता-पिता व भाई के साथ मिलकर शव को मफलर से वेंटिलेटर की ग्रिल पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही करते हुए उन्हें रिमाण्ड हेतु न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बिजेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक जावेद अली, मुकेश चौहान, महिला उपनिरीक्षक पायल महिला हेड कांस्टेबल रेखा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।










