बरेली। शाहजहांपुर में सोमवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली की टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, शाहजहांपुर में तैनात दो कर्मचारियों को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक इश्तियाक वारसी के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों में निश्चय सिंह जिला समन्वयक कार्यालय और अरुण कुमार कंप्यूटर ऑपरेटर, आउटसोर्सिंग शामिल हैं। दोनों को शाम करीब 5:45 बजे कार्यालय परिसर से पकड़ा गया।
शिकायतकर्ता सहायक अध्यापक रेनू शुक्ला ने आरोप लगाया था कि उनकी अनुपस्थिति से संबंधित पत्रावली के निस्तारण के लिए आरोपियों द्वारा 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत के आधार पर टीम ने जाल बिछाकर आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। दोनों के खिलाफ थाना सदर बाजार में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। संगठन ने आम जनता से अपील की है कि रिश्वत से जुड़े मामलों की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें।









