आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने राज्य कर्मचारी का दर्जा और लंबित मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली। आंगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा के बैनर तले जनपद की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने अपनी लंबित व न्यायोचित मांगों को लेकर जिलाध्यक्ष ओमवती गंगवार के नेतृत्व में जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार को संबोधित ज्ञापन भेजा । ज्ञापन में बताया गया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां पिछले कई दशकों से महिला एवं बाल विकास विभाग की रीढ़ के रूप में पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा, टीकाकरण और मातृ-शिशु देखभाल जैसी योजनाओं का सफल संचालन कर रही हैं, बावजूद इसके उन्हें आज तक पूर्णकालिक सरकारी कर्मचारी का दर्जा और वैधानिक सुविधाएं नहीं मिल सकी हैं।

संयुक्त मोर्चा की अध्यक्ष ओमवती गंगवार ने कहा कि पूर्व में कई बार ज्ञापन देने के बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। प्रमुख मांगों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियमित वेतनमान, पेंशन, ग्रेच्युटी, भविष्य निधि, महंगाई भत्ता, सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष किए जाने, समयबद्ध पदोन्नति, पोषण ट्रैकर के लिए मोबाइल व डाटा भत्ता, प्रोत्साहन राशि को मानदेय में शामिल करने तथा केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग शामिल है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 7 मार्च 2026 तक मांगों पर निर्णय नहीं हुआ तो 8 मार्च को लखनऊ कूच किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष ओमवती गंगवार , ममता मौर्य, सुमन गुप्ता , मीनू सिंह , रामश्री , त्रिवेणी, रेखा गंगवार , उर्मिला , शकुन्तला गौतम, नीरज , गीता, रजनी गंगवार , सुशीला आजाद , पुष्पेंद्र वर्मा , शारदा देवी , सुषमा , ममता देवी , सावित्री सहित दर्जनों कार्यकत्री मौजूद रही।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz Open / Ai Website / Ai Tool